धामी ने मांगा हवाई सेवाओं का विस्तार…
नई दिल्ली/देहरादून। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने शुक्रवार को केंद्रीय नागरिक उड्डयन मंत्री किंजरापु राममोहन नायडू से मुलाकात कर उत्तराखंड में हवाई सेवाओं के विस्तार और विमानन क्षेत्र के विकास को लेकर चर्चा की।
चारधाम यात्रा के लिए हेली सेवा पुनः शुरू
मुख्यमंत्री ने मंत्री को अवगत कराया कि मानसून समाप्त होने के बाद चारधाम यात्रा के लिए हेली सेवाएं पुनः शुरू होंगी। उन्होंने कहा कि यह सेवाएं बुजुर्गों, दिव्यांगों और असमर्थ श्रद्धालुओं के लिए सुविधाजनक होंगी और सड़क मार्गों पर दबाव कम करेंगी।
जौलीग्रांट में रात की उड़ान का अनुरोध
मुख्यमंत्री ने जौलीग्रांट हवाई अड्डे पर रात्रिकालीन उड़ान सेवा शुरू करने का अनुरोध किया। उन्होंने गौचर (चमोली) और चिन्यालीसौड़ (उत्तरकाशी) हवाई पट्टियों को छोटे विमानों के संचालन के लिए विकसित करने और इन्हें दिल्ली, देहरादून व हिंडन से जोड़ने का सुझाव भी दिया।
पिथौरागढ़ व पंतनगर पर भी चर्चा
बैठक में मुख्यमंत्री ने पंतनगर एयरपोर्ट के विस्तारीकरण और दिल्ली से पिथौरागढ़ के लिए नियमित हवाई सेवा प्रारंभ करने की मांग रखी। उन्होंने कहा कि यह पर्यटन, आपदा प्रबंधन और सामरिक दृष्टिकोण से महत्वपूर्ण होगा। केंद्रीय मंत्री ने मुख्यमंत्री को सभी प्रस्तावों पर सकारात्मक कार्रवाई का आश्वासन दिया।

